गुना। जिले के गादेर गांव में प्रोपेन गैस से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा प्रोपेन गैस का रिसाव होने लगा, जिससे हड़कंप की स्थिति बन गई। इसके बाद प्रशासन ने नेशनल हाइवे के दोनों तरफ का मार्ग बंद कर दिया। हादसे में टैंकर का ड्राइवर नीचे दब गया था, जिसको रेस्क्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
देर रात हुई इस घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही प्रशासन टैंकर को वापस सीधा करने के प्रयास शुरू हुए। देखते देखते हाईवे पर 30 किमी लंबा जाम लग गया जिसमे एंबुलेंस सहित कई वाहन जाम में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, एसडीएम शिवानी पांडे, एसडीओपी दीपा डोडवे और तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। टीम ने सबसे पहले ड्राइवर को रेस्क्यू कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
टैंकर से लगातार गैस का रिसाव हो रहा था, जिसे देखते हुए गेल और एनएफएल से विशेष फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। उनकी निगरानी में क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने का काम शुरू किया गया।
बुधवार सुबह गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल भी मौके पर पहुंचे और टैंकर को सीधा कर जाम खुलवाने के लिए किए जा रहे प्रयास का जायजा लिया।
जाम में वाहनों में बैठे लोग परेशान हो गए थे। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना उन लोगों को करना पड़ा जिन्हें तय समय पर कहीं पहुंचना था।
बड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से टैंकर को उठाकर सीधा किया गया। इसके बाद टैंकर की जांच की गई। जिसके बाद धीरे-धीरे वाहनों का निकलना शुरू हुआ।


