शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौवासरई निवासी 22 वर्षीय सूरज यादव की सोमवार को सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव कई किलोमीटर दूर पत्थरों में फंसा मिला। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के मुताबिक सूरज यादव ग्राम निगाही स्थित सोन नदी के घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जयसिंहनगर पुलिस और एसडीआरईएफ की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार को युवक का शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


