खरगोन। पालतू श्वानों के गुम होने पर एक नाराज रक्षित निरीक्षक (आरआई) ने आरक्षक की पिटाई कर दी। इसके बाद जेएस संगठन और आरक्षक के परिजन जब अजाक थाने में पहुंचे तो वहां एफआईआर लिखने से मना कर दिया गया।
गुस्साए संगठन के सदस्याओं और परिजनों ने खरगोन- खंडवा मार्ग पर रास्ता जाम कर दिया।
पुलिस आरक्षक का आरोप है कि आरआई और उनकी पत्नी ने जातिसूचक अपशब्द कहे और बेल्ट से पीटा।
बता दे कि मामला 23 अगस्त का है।
सोशल मीडिया पर चोटें दिखाने का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित आरक्षक राहुल चौहान ने बुधवार को अजाक थाने में लिखित शिकायत दी है। लेकिन इस पर सुनवाई नहीं हुई।
वहीं, वीडियो में वह अपने हाथ, पैर, कमर और पीठ पर पड़े नीले निशान दिखा रहा है।
एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
आरक्षक राहुल चौहान ने बताया कि उसकी ड्यूटी आरआई सौरभ कुशवाहा के सरकारी आवास पर लगी थी। 23 अगस्त की रात 10 बजे आरआई कुशवाहा ड्यूटी पूरी कर घर लौटे तो राहुल अपने क्वार्टर पर आ गया। देर रात करीब 1:30 बजे आरआइ ने उसे फोन कर तुरंत आने को कहा।
राहुल पहुंचा तो आरआई ने अपने पालतू श्वान के गायब होने पर नाराजगी जताई। फिर उसकी पिटाई कर दी।
राहुल ने अजाक थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक मारपीट के दौरान आरआई की पत्नी भी मौजूद थीं। उन्होंने चप्पल से मारने के साथ नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी।
पुलिस ने आरक्षक का मेडिकल परीक्षण करा लिया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उनके मुताबिक, आरआई सौरभ कुशवाहा और उनकी पत्नी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


