सीधी। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा के कुशल निर्देशन तथा अति. पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी (चुरहट) आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन मे कमर्जी पुलिस नें अवैध रूप से रेत का परिवहन करने वाले चालक व वाहन स्वामी पर मामला दर्ज करते हुए परिवहन मे प्रयुक्त वाहन रेत सहित जब्त करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के मुताबिक कमर्जी थाना प्रभारी (उनि) पवन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिलरी में अवैध रेत उत्खनन हो रहा है।
सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराया एवं उनके निर्देशानुसार पुलिस टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि नीले रंग का ट्रैक्टर अपनी ट्राली में रेत लोड कर चिलरी से लकोडा तरफ आ रहा था, पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आखिरकार ट्रैक्टर को रोक लिया।
पुलिस ने जब ट्रैक्टर में लगे ट्राली की जाँच की तो उसमे करीब 100 घन फिट रेत (कीमत लगभग 5 हजार रूपये) चोरी की लोड होना पाया गया।
पुलिस की पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम अतीश कुमार उर्फ अप्पू पटेल पिता जगदीश प्रसाद पटेल (19) निवासी ग्राम कुशपरी थाना कमर्जी बताया।
वही, ट्रैक्टर चालक के पास परिवहन किए जा रहे रेत से संबंधित कागजात भी उपलब्ध नहीं थे। ट्रैक्टर चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन स्वामी अमरजीत पटेल पिता अंजनी प्रसाद पटेल निवासी ग्राम कुशपरी थाना कमर्जी के कहने पर रेत चोरी कर ट्रैक्टर पर लोड करके वह ले जा रहा था।
जिसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर (कीमत 06 लाख) जब्त करते हुए चालक अतीश उर्फ अप्पू प्रसाद पटेल एवं वाहन स्वामी अमरजीत पटेल के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा धारा 4/21 खान खनिज अधिनियम 1957 के तहत मामला कायम किया।
कमर्जी थाना प्रभारी (उनि) पवन सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अभय वर्मा, आरक्षक नवीन सिंह, नीरज सिंह व मुकेश रावत की सराहनीय भूमिका रही।

