इंदौर। सौंफ में मिलावट करने वाले व्यापारी के खिलाफ होलसेल किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन ने भी एक्शन लिया है।
दि सियागंज होलसेल किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन ने कमल बापना और उसकी फर्म अरिहंत ट्रेडर्स की सदस्यता समाप्त कर दी है।
मंगलवार को एसोसिएशन की ओर से इस बारे में पत्र जारी करते हुए बाजार में सार्वजनिक सूचना भी निकाल दी।
एसोसिएशन ने ऐसे मिलावट करने वाले व्यापारियों को असामाजिक तत्व करार दिया है और ऐसे लोगों का बाजार से बहिष्कार करने की अपील भी जारी कर दी गई है।
सौंफ को हरी और ताजी दिखाने के लिए जहरीले डिस्टेंपर से रंगने वाला कारोबारी कमल बापना अपनी फैक्ट्री तो धार रोड पर चला रहा था, लेकिन व्यापार प्रदेश के सबसे बड़े थोक किराना बाजार सियागंज से कर रहा था। दो वर्ष पहले एसोसिएशन ने सदस्यों के लिए सूचना जारी की। तब भी एसोसिएशन ने बाजार में अपील की थी कि कोई भी न तो अपने उत्पादों में मिलावट करे और ना ही ऐसे लोगों से व्यापार करे। बाजार की पुरानी साख बनाए रखने के लिए एसोसिएशन ने ऐसे लोगों का साथ नहीं देने का संदेश अपने सदस्यों को दिया था।
इसके बाद अब मिलावट का मामला बाजार में पकड़ आने से एसोसिएशन हतप्रभ भी है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल और महामंत्री प्रतिपाल टोंग्या ने सदस्य व्यापारियों के लिए सूचना जारी कर दी है। इसमें कहा है कि बाजार में न तो कोई व्यापारी मिलावटी व्यापार में शामिल हो, न ही ऐसे लोगों को देखकर आंख मूंदें। व्यापारी एसोसिएशन को भी इसकी गोपनीय सूचना दी जाए ताकि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जा सके।


