जबलपुर। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के अनुपस्थित रहने पर अंकुश लगाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने 01 जुलाई 2025 से ऑनलाइन हाजिरी लगाना अनिवार्य किया है।
वही, ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। अब इन नोटिस का जवाब भी सामने आने लगा है।
इस बीच एक शिक्षिका के जवाब ने पूरे विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
शहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महराजपुर की उच्चतर माध्यमिक शिक्षका ज्योति पाण्डेय ने ऑनलाइन हाजिरी न लगाने पर प्राचार्य के कारण बताओ नोटिस का एक अनोखा ही जवाब दिया हैं।
उच्चतर माध्यमिक शिक्षिका ने नोटिस के जवाब में लिखा हैं कि विभाग ने उन्हें मोबाइल नहीं दिया है। जो मोबाइल वो रखती हैं, वह उनके द्वारा खरीदा गया है। उसमें उनकी फोटो सहित तमाम डाटा उनका है और वे किसी भी तरह से अपनी फोटो, लोकेशन या अन्य जानकारी किसी एप्प को शेयर नहीं कर सकती हैं, क्योंकि इससे उनकी निजता का खतरा होता है।
उन्होंने यह भी लिखा कि यह निजी फोन हमेशा उनके पास नहीं होता है। उनकी बेटी को अध्ययन के लिए घर छोड़ना होता है।
बता दे कि प्रदेश के लगभग डेढ़ हजार शिक्षकों व प्राचार्यों को ऑनलाइन हाजिरी नहीं लगाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। सात दिन के अंदर जवाब मांगा गया था, लेकिन तभी 18 से 23 अक्टूबर तक स्कूलों में दीपावली अवकाश लग गया। इस कारण कई शिक्षकों व प्राचार्यों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
वहीं, राजधानी भोपाल के 50 से अधिक शिक्षकों ने विभाग को ज्ञापन दिया कि ईएचआरएमएस एप्प से उपस्थिति लगाने से उनका डाटा लीक हो रहा है। एक ही मोबाइल नंबर से सभी शिक्षकों को फ्रॉड कॉल आ रहे हैं और साइबर ठग 25-25 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
इसके जवाब में विभाग का कहना है कि इसकी शिकायत शिक्षक साइबर सेल में करें।
बहरहाल, लोक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त संचालक अरविंद चौरगड़े ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन हाजिरी को लेकर शासन ने जो आदेश दिए हैं, उनका पालन हर हाल में होना चाहिए।


