इंदौर। शहर के महालक्ष्मी नगर में बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने महिला डॉक्टर के गले से चेन लूट ली। हालांकि महिला डॉक्टर ने बदमाशों का सामना किया और बदमाश आधी चेन ही ले जा सके। गुरुवार को भी महालक्ष्मी नगर में महिला डॉक्टर से चेन लूटने वाले बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
महिला डॉक्टर ने इस मामले में गुरुवार दोपहर लूट का प्रकरण दर्ज करवाया।
क्षेत्र में करीब 20 पुलिसकर्मी सीसीटीवी फुटेजों की छानबीन में जुटे हुए हैं।
सरेराह हुई इस घटना से रहवासी सहमे हैं।
महालक्ष्मी नगर के ए सेक्टर में बुधवार रात करीब नौ बजे दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा गुप्ता क्लीनिक से घर लौट रही थी। डॉक्टर फोन पर बात करते हुए पैदल-पैदल घर की तरफ जा रही थी। जैसे ही घर की तरफ मुड़ी बाइक पर दो बदमाश आए और उन्हें देखकर रुक गए। एक बदमाश बाइक लेकर दूर खड़ा रहा जबकि दूसरा मुंह में रुमाल दबाए डॉक्टर के पास आया और गले पर झपट्टा मारकर चेन पकड़ ली।
महिला डॉक्टर ने उसका मुकाबला किया और चेन नहीं ले जाने दी। वह हेल्प-हेल्प चिल्लाई और लुटेरे से भीड़ गई। बदमाश गला दबाकर आधी चेन व पेंडल लेकर भाग गया।
मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने गुरुवार को डॉक्टर से संपर्क कर एफआइआर लिखी।
महालक्ष्मी नगर, साईंकृपा, तुलसी नगर, आरआर एवेन्यू में करीब 20 पुलिसकर्मियों को काम पर लगाया गया है।


