नौकरी का झांसा देकर पंचायत विभाग के सहायक यंत्री ने महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

DR. SUMIT SENDRAM

जबलपुर। डिंडोरी जिले के जनपद पंचायत समनापुर में पदस्थ सहा. यंत्री  के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। जिसके बाद रविवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी सहा. यंत्री ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देते हुए जबलपुर के दीनदयाल बस स्टैंड पर छोड़कर वहा से फरार हो गया।
पीड़ित महिला ने अपनी आपबीती महिला थाने में जाकर बताया।
चूँकि घटना कुंडम थाना क्षेत्र की थी, इस लिए महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज कर प्रकरण कुंडम थाने में ट्रांसफर कर दिया।
जिसके बाद कुंडम पुलिस के द्वारा आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 64(1), 296, 115, 351 (2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
रविवार दोपहर आरोपी  जबलपुर छोड़कर भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर में रहने वाली महिला की कुछ समय पहले पंकज सिंह से दोस्ती हुई थी। उसके बाद से दोनों के बीच अक्सर मोबाइल पर बात होने लगी। आरोपी ने महिला को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया और डिंडोरी जिले में पंचायत विभाग के रिक्त पदों का हवाला देते हुए वहां बुलाया।
महिला शनिवार की सुबह दीनदयाल बस स्टैंड पहुंची, जहां से वह डिंडोरी रवाना हुई।
डिंडोरी पहुंचने पर आरोपी ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी अमरकंटक गए हैं, वहीं चलकर मिलना होगा। इसके बाद वह महिला को अपनी कार (एमपी 04 सी डब्लू 8866) में बैठाकर अमरकंटक ले गया, लेकिन वहां भी किसी अधिकारी से नहीं मिलवाया।
शाम को आरोपी ने महिला से कहा कि वह जबलपुर जा रहा है और उसे छोड़ देगा। रास्ते में आरोपी ने शराब पी और कुंडम के पास कार में ही महिला से जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद धमकी देते हुए उसे दीनदयाल बस स्टैंड पर छोड़ कर फरार हो गया।
गौरतलब है कि पंकज सिंह परिहार पहले भी महिलाओं से छेड़खानी के मामलों में चर्चा में रह चुका है। पुलिस अब उसके खिलाफ पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।
चूँकि महिला घर से बिना बताए गई थी, इस वजह से वह वापस घर जाने में डर रही थी। रात को पीड़िता ने अपने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह महिला थाने पहुंची। वहां से उसे कुंडम थाने भेजा गया, जहां उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी, फिर प्रकरण दर्ज किया गया।
कुंडम थाना प्रभारी अनूप नामदेव ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी परिवार सहित जबलपुर छोड़ने के फिराक में था। इसके पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की कार भी जब्त कर ली है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

 

Next Post

जली हुई अवस्था में जंगल में मिला महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

बड़वानी। जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। थाना क्षेत्र के खड़ीखम से बलखड़ की ओर जाने वाले कच्चे रोड के पास जंगल में एक महिला के एक पैर, सिर और कुछ अंग अधजली हालत में मिले है। […]