इंदौर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का दीक्षा समारोह कुछ महीनों के लिए टल गया है।
बता दे कि इस बार समारोह में कुछ नए पदक शामिल होंगे। ये सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। सभी अलग-अलग संकाय में पदक रखे गए हैं। इन्हें लेकर कार्यपरिषद की तरफ से मंजूरी मिल चुकी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक मेरिट विद्यार्थियों की सूची बनाई जा रही है। शैक्षणिक विभाग ने सभी संकाय से सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नाम मांगवाए हैं।
समारोह में प्रत्येक बैच के मेरिट छात्र-छात्राओं को 94 स्वर्ण और 22 रजत पदक दिए जाते हैं, लेकिन इस वर्ष होने वाले समारोह में चार नए पदक दिए जाएंगे। स्नातकोत्तर कार्बनिक रसायन में स्व. रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव की स्मृति में स्वर्ण पदक, एमबीए एचए में को स्व. सूरजकली द्विवेदी मेमोरियल एडवांस्ड होम्योपैथी स्वर्ण पदक, एमएससी केमेस्ट्री में स्व. सतीशकांत जैन स्मृति स्वर्ण पदक और स्व. दुर्गादेवी शर्मा स्मृति स्वर्ण पदक से विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, पदक के लिए विश्वविद्यालय में निर्धारित राशि जमा कर दी गई है। इस बार समारोह में 120 स्वर्ण पदक रहेंगे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मु को आमंत्रित किया है, मगर राष्ट्रपति कार्यालय से अब तक तारीख नहीं मिली है। वैसे ताईवान विश्वविद्यालय से एमओयू कर लौटी कुलपति डॉ. रेणु जैन कुछ दिन दिल्ली में ठहरी थी। दोबारा फिर राष्ट्रपति कार्यालय से संपर्क किया और जून के बाद की तारीख के बारे में पूछा है। फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है।
विश्वविद्यालय की तरफ से दि प्रेसीडेंट ऑफ़ इंडिया डॉ. शंकरदयाल शर्मा स्वर्ण पदक दिया जाता है। यह सम्मान विश्वविद्यालय के दायरे में आने वाले कॉलेजो के विद्यार्थी को देते हैं। इसके लिए अकादमी, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होना जरूरी है। साथ ही एनएसएस और एनएससी में हिस्सा लेने वालों को भी प्राथमिकता दी जाती है। कॉलेजो को अपने-अपने विद्यार्थियों के नाम भेजना होते हैं। उसके आधार पर आवेदनों की स्क्रूटनी होती है। विद्यार्थी को समारोह में पदक से सम्मानित किया जाता है।


