इंदौर। जिले के डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) तहसील अंतर्गत बड़गोन्दा थाना क्षेत्र के पातालपानी में पर्यटकों से लूट करने वाले गिरोह को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता पाई है।
9 लोगों के गिरोह में 6 आरोपी नाबालिग हैं। 3 आरोपी भी महज 19 व 21 साल के हैं।
लंबे समय से यह गिरोह पातालपानी में लूट की वारदात को अंजाम दे रहे थे, लेकिन पीड़ितों ने थाने पर सूचना ही नहीं दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली पिस्टल, देशी कट्टा जिंदा कारतूस, चाकू एवं लूटे हुए 9 मोबाइल बरामद किये है।
जानकारी के मुताबिक पातालपानी में शनिवार 30 नवंबर को अज्ञात बदमाशों ने पातालपानी से कालाकुण्ड हेरिटेज ट्रैन के ट्रैक पर घूम रहे स्कूली विद्यार्थियों से मोबाइल और करीब हजार रुपये नगद लूटे थे।
वारदात के बाद विद्यार्थियों ने इसकी शिकायत बड़गोन्दा थाने पर की। इसके आधार पर पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसमें 6 आरोपित नाबालिग और 3 युवक सुरेन्द्र सिंह पिता मेवसिंह कटारे (21), राहुल पिता भैरूसिंह मेसकरे (21) एवं लखन पिता कैलाश भाभर (19) सभी निवासी थाना नालछा जिला धार हैं।
इसमें आरोपी सुरेंद्र कटारे मोबाइल टेक्नीशियन है। आरोपियों ने पूछताछ में पहले भी पातालपानी में लूट करना कुबूल किया है, जिसकी शिकायत ही नहीं की गई थी।
आरोपी पहले नालछा में भी लूट की घटना को अंजाम दें चुके हैं। जिसके लिए तीन युवक जेल में हैं। एक नाबालिग वहां से छूट गया था और उसने फिर से नाबालिग साथियों का गिरोह बना कर पातालपानी में लूट की वारदात को अंजाम दिया।

