देवास। अंचल के सतवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धांसड़ में पसंद के युवक से शादी करवाने के लिए परिवार के तैयार नहीं होने से नाराज एक युवती रविवार को गांव में स्थित एक मोबाइल के टावर पर चढ़ गई।
युवती को टावर पर चढ़ते देखकर नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। लोग उसे समझाइश देकर उतारने का प्रयास करने लगे लेकिन वह तैयार नहीं हुई।
इसी दौरान घटना की पुलिस को सूचना दी गई। परिजनो को पता चला तो वह भी मौके पर पहुंच गये और काफी देर की मशक्कत के बाद समझाइश देकर उसे नीचे उतार लिया गया।
जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक युवती सकुशल मोबाइल टावर से नीचे उतर गई थी।
सतवास थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे, लेकिन तब तक वो उतर गई थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह पसंद के युवक से शादी करना चाहती है लेकिन घर वाले तैयार नहीं हो रहे हैं। इससे नाराज होकर वो टावर पर चढ़ गई थी।


