भिंड। सरकारी तालाब से खेत में पानी देने को लेकर चचेरे भाइयों में विवाद हो गया। जमकर फायरिंग हुई। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए हैं। तीन लोगों की गंभीर हालत में ग्वालियर में भर्ती कराया गया है। घटना गोहद थाना क्षेत्र के डिरमन पाली गांव की है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी फरार है।
जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय राकेश पिता बलवंत सिंह राणा मंदिर से लगी जमीन पर स्थित सरकारी जमीन पर बने तालाब से पानी देने पहुंचे थे। गांव के ही 59 वर्षीय नवलसिंह राणा ने कहा कि यह सरकारी तालाब है, कोई भी किसान पानी नहीं देगा। लेकिन, राकेश पम्प रखकर पानी देने लगे। तब नवल सिंह ने डायल 100 पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों को समझाइश देकर वापस लौट गई।
अगले दिन राकेश गोहद एसडीएम के पास पहुंचे और मौखिक आदेश लेकर गांव में आ गए। उन्होंने प्रशासन के आदेश का हवाला देते हुए शाम तक खेतों में पलेवा कर लिया और गांव में दूसरे पक्ष को ललकारते हुए कहा कि पानी देने से क्यों नहीं रोक पाए। इसी पर दोनों पक्ष में देर शाम फिर से बहस हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा किसी तरह से मामला शांत कराया गया।
सुबह 11 बजे फिर से विवाद बढ़ गया। पहले दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले।
मृतक पक्ष ने आरोप लगाया कि झगड़ा बढ़ा तो दूसरे पक्ष के रिंकू राणा ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली राकेश के सीने में लगी, दूसरी गोली पेट में जाकर फंस गई। इधर, बच्चूसिंह के पैर में भी गोली लगी है। झगड़े में मृतक पक्ष के 30 वर्षीय प्रदीप कुमार, 35 वर्षीय सुखवीर और सोवरन घायल हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष के 60 वर्षीय बच्चू सिंह, 53 वर्षीय जवान सिंह व 50 वर्षीय नन्नू राणा घायल हैं।
पुलिस ने एक पक्ष पर हत्या और दूसरे पक्ष पर मारपीट का मामला दर्ज किया है।
दोनों पक्षों को शांत कराकर मामला रफा-दफा करने का प्रयास किया। लेकिन दोनों पक्षों के बीच मामला लगातार गरमाता चला गया।
समय रहते पुलिस इस मामले में कार्रवाई करती तो शायद खूनी घटना नहीं होती।
बताया जाता है कि गांव का यह तालाब धार्मिक आस्था का केंद्र है, जो सिंचाई के लिए वर्जित है।

