ग्वालियर। जिले के घाटीगांव क्षेत्र में 20 बीघा जमीन फर्जीवाड़ा कर हड़प ली गई। जिस महिला के नाम यह जमीन थी, उस महिला की जगह किसी दूसरी महिला को खड़ा कर दिया गया। महिला के नाम का ही आधार कार्ड तैयार कर दूसरी महिला से रजिस्ट्री करा दी गई।
जब महिला जमीन पर पहुंची तो दूसरों का कब्जा मिला।
इस मामले में महिला द्वारा यूनिवर्सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने जांच के बाद 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने सहित अन्य धाराओं में एफआईआर की है।
11 लोग नामजद हैं, जबकि जिस महिला को खड़ा कर रजिस्ट्री की गई, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। इस तरह पुलिस ने 12 लोगों को आरोपी बनाया है।
बता दे कि जमीन सुधा सेंगर के नाम है।
सुधा सेंगर ने पुलिस को बताया कि उनकी 20 बीघा जमीन को शातिर तरीके से हड़पा गया है। उनकी जगह किसी दूसरी महिला को सुधा सेंगर बनाकर रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। इस जमीन को बेच दिया गया। जमीन खरीदने वालों सहित 12 लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने जितेंद्र पिता देवी सिंह रावत निवासी ग्राम सेकरा, घाटीगांव, उपेंद्र पिता मोहन सिंह रावत निवासी घाटीगांव, हेमंत पिता मोहन सिंह रावत निवासी घाटीगांव, मंगलसिंह रावत पिता घनसुंदर सिंह रावत, छत्रपाल पिता चंदन रावत निवासी घाटीगांव, शैलेंद्र पिता ओमप्रकाश शर्मा निवासी घाटीगांव, हाकिम पिता डीलन सिंह रावत निवासी घाटीगांव, वीरेंद्र सिंह पिता नारायण सिंह रावत निवासी घाटीगांव, अरविंद पिता राजेंद्र सिंह रावत निवासी आरोन, दिनेश पिता मंगल सिंह रावत निवासी करही एवं किरण बाई पति मोहन सिंह रावत निवासी सेकरा आरोन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।\


