धार। शुक्रवार दोपहर शहर के मोहन टाकीज क्षेत्र स्थित शिवानी होटल में एक कमरे में संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खरगोन जिले के थाना प्रभारी करण सिंह रावत के रूप में हुई है।
घटना की सूचना होटल के कर्मचारियों ने कोतवाली थाने पर दी। इसके बाद दरवाजे का लाकर तोड़ा गया, जब अंदर देखा तो थाना प्रभारी रावत मृत अवस्था में पड़े थे।
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है।
घटना की जानकरी थाना प्रभारी के परिजनो को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि परिजनो के आने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी करण सिंह रावत उर्स मेले में ड्यूटी करने के लिए धार में आए थे।
बताया जा रहा है कि वे 12 दिसंबर से होटल में ठहरे हुए थे। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे उनका शव कमरे के अंदर मिला।
कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।


