रतलाम। जिले के ग्राम ढोढर में बरखेड़ी फंटे के समीप रतलाम-नीमच रेल लाइन पर एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक रूप से जानकारी मिली है कि उसकी शादी एक माह पहले ही हुई थी। पांच दिन पहले उसकी पत्नी जोधपुर (राजस्थान) गई थी और वहां से लापता हो गई। पति ने जोधपुर जाकर उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। वहां से लौटकर पति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बरखेड़ी फंटे के समीप एक युवक ने रतलाम से मंदसौर की तरफ जा रही मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर रिंगनोद थाना की ढोढर चौकी पुलिस चौकी के प्रभारी रघुवीर जोशी, एएसआई गजेंद्र सिंह शक्तावत आदि मौके पर पहुंचकर जांच की।
तलाशी लेने पर मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान 29 वर्षीय भन्ना राम पिता भागू राम निवासी ग्राम रिया श्यामदास जिला नागौर (राजस्थान) हालमुकाम ग्राम ढोढर के रूप में हुई।
कुछ देर बाद ढोढर में ही रह रहे उसके ससुर सियाराम गुर्जर, जावरा नगर में रह रहे जीजा सासाराम गुर्जर, बड़ी बहन व अन्य भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जावरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया।
परिजन ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी के वियोग में आहत होकर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया गया है। वे दोपहर में शव लेकर उसके पैतृक गांव के लिए रवाना हुए। मामले की जांच की जा रही है।


