घर में घुसकर चाकू मारकर छात्रा की हत्या करने वाले आरोपी ने की आत्महत्या

जबलपुर। जिले के चरगंवा थानांतर्गत ग्राम क्लोन में छात्रा की हत्या कर भागे आरोपी का शव शनिवार सुबह जंगल में मिला। जेब से जहरीली गोलियों की शीशी मिली है।
जानकारी के मुताबिक 4 जून की शाम 16 वर्षीय छात्रा घर में थी। आरोपी उसे चाकू मारकर भागा था।
शुरुआती जांच में यही माना जा रहा है कि आरोपी ने आत्महत्या किया है। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बताया गया कि छात्रा ग्राम क्लोन में अपने नाना-नानी के घर रहकर सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। इसी साल उसने 11वीं में दाखिला लिया था। आरोपी यशवंत उर्फ ईसू पटेल (21) भी क्लोन गांव का ही रहने वाला था।
पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि छात्रा से ईसू एकतरफा प्यार करता था। छात्रा ने उसके नंबर को ब्लॉक कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक छात्रा दो साल से नाना-नानी और मौसी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। 10वीं उसने चरगंवा के स्कूल से पास की, अब 11वीं में थी। मौसी के बच्चे नहीं हैं। इसलिए छात्रा उनके साथ रह रही थी।
गुरुवार शाम को छात्रा घर के आंगन में बैठी थी। मौसी, नाना-नानी घर के अंदर थे। उसकी चीख सुनकर तीनों बाहर की ओर दौड़े तो देखा कि तो ईसू भाग रहा था। छात्रा के सीने में चाकू घुसा था।
आरोपी के पीछे छात्रा की मौसी भागी, लेकिन वह जंगल की ओर भाग गया। गांव के कुछ और लोगों ने भी उसे जंगल की ओर भागते हुए देखा था। छात्रा को परिजन चरगंवा स्वास्थ्य केंद्र ले गए, यहां से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
गुरुवार शाम से पुलिस आरोपी को तलाश रही थी। पड़ोसी जिले की सिवनी पुलिस से भी मदद ली गई।
शुक्रवार से अति. पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे के नेतृत्व में 40 पुलिस जवानों की टीम चरगंवा और सिवनी से लगे जंगल में सर्च कर रही थी।
शनिवार सुबह चरगंवा थाना प्रभारी और उनकी टीम को कुड़ारी पिपरिया के जंगल में पहाड़ के नीचे ईसू का शव मिला।
चरगंवा पुलिस के मुताबिक, ईसू प्राइवेट जॉब करता था। छात्रा का स्कूल आते-जाते समय पीछा करता था। घटना वाले दिन भी जब छात्रा घर के बाहर काम कर रही थी, तभी आरोपी उसके पास पहुंचा और बात करने के लिए कहा। छात्रा के मना करने पर वह वहां से चला गया, इसके बाद वापस चाकू लेकर लौटा।
वही, छात्रा के परिजन के मुताबिक ईसू उनके घर आता-जाता रहता था, लेकिन उसे देखकर कभी ऐसा नहीं लगा कि उसके दिमाग में इतना कुछ चल रहा है।

 

Next Post

जिले में चलाया जा रहा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान

डिंडौरी। पर्यावरण के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गयी है। एक पेड़ लोगों की जिंदगी के लिए बहुत जरूरी है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए, ताकि […]