कोहन नदी में ट्रैक्टर-ट्राली सहित बहे दो भाई, रेस्क्यू में जुटी पुलिस व प्रशासन की टीम

DR. SUMIT SENDRAM

गुना। पिछले 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश से जिले के नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। बीती रात अलग-अलग दो घटनाओं में फतेहगढ़ थानाक्षेत्र की कोहन और बरसाती नदी में दो सगे भाईयों सहित एक युवक बह गए, इनमें से एक युवक का शव मिला है। जबकि दोनों सगे भाई भाईयों की तलाश की जा रही है।
मौके पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, एसडीएम शिवानी पांडे, विधायक बमोरी इंजी. ऋषि अग्रवाल सहित प्रशासन, पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटे हुए हैं।
पहली घटना में शुक्रवार रात 9:30 बजे निवेरी गांव के दो सगे भाई करण (18) और सागर अहिरवार (14) पिता हीरालाल अहिरवार ट्रैक्टर-ट्राली से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों अपने पिता के साथ लहसुन बेचने राजस्थान की मंडी में गए थे। पिता हीरालाल पीछे जीप से आ रहे थे। ट्रैक्टर करण चला रहा था, जबकि सागर पास ही बैठा था। दोनों कोहन नदी के पुल पर पहुंचे तो नदी उफान पर थी। पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इस दौरान एक अन्य ट्रैक्टर चालक ने उफनती नदी का पुल पार करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने मना किया तो वह आधे रास्ते से ही वापस लौट आया, लेकिन दोनों सगे भाई नहीं माने और कुछ दूरी तय करने के बाद नदी के तेज बहाव में पुल से ट्रैक्टर-ट्राली सहित बह गए। इसके बाद से ही दोनों का कुछ पता नहीं चल रहा है। शनिवार दोपहर को भी रेस्क्यू किया गया, पर वह नहीं मिले।
दूसरी घटना भी फतेहगढ़ क्षेत्र की है, जिसमें बरसाती नदी में एक युवक बह गया।
एसडीएम शिवानी पांडे ने बताया कि युवक गोलू बाल्मीक निवासी फतेहगढ़ अपने दो अन्य दोस्तों के साथ बाइक से बीती रात घूम रहा था। तीनों उफनती बरसाती नदी के पुल को बाइक से पार करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान दो दोस्त डर गए और बाइक लेकर वापस लौट गए, लेकिन गोलू नहीं माना और पैदल पुल पार करने लगा। इसी दौरान वह बह गया, जिसका शव कुछ दूर कोहन नदी में मिल गया है। बता दे कि फतेहगढ़ क्षेत्र की बरसती और मगरोड़ा नदी कोहन नदी में जाकर मिलती हैं।

 

Next Post

पाइपलाइन सहित मिट्टी धसकने से मजदूर की दबकर मौत, हादसे में चार अन्य घायल

मुरैना। चंबल नदी से ग्वालियर शहर के लिए पानी पहुंचाने वाले चंबल वाटर प्रोजेक्ट के अंतर्गत डाली जा रही पाइपलाइन की साइड पर हादसा हो गया। यह हादसा बारिश के कारण मिट्टी धंसने से हुआ, जिसमें एक मजदूर की दबकर मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। बता दे […]