भोपाल। जनता के सुझावों को भारतीय जनता पार्टी संकल्प पत्र में शामिल करेगी।
इसके लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर काम करती है। एलईडी रथों के माध्यम से सभी लोकसभा क्षेत्रों में जनता के साथ जुड़कर सुझाव लिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तीसरी बार फिर सरकार बनने जा रही है। चारों एक ही नारा सुनाई दे रहा है अबकी बार 400 पार।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार के लिए दो-दो एलईडी रथ जाएंगे। सुझाव पेटियों के साथ-साथ हम जागृति रथ भी निकालेंगे। निश्चित विजय हमारे सामने है, लेकिन हम जनता के साथ खड़े होना चाहते हैं। इन रथों के माध्यम से लोकसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा।


