उमरिया। जिले के अमरपुर में 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। दरअसल आरोपियों ने मुड़गुड़ी गांव के रहने वाले युवक शिवम चौधरी को पहले तो फोन कर रात में घर से बुलाया और फिर उस पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला करके उसका सिर फोड़ दिया गया। इसके बाद युवक को मरा हुआ समझकर हमलावरों ने उसे ददरा प्लांट सिद्ध बाबा के पास फेंक दिया।
घायल युवक रातभर पेड़ के नीचे पड़ा रहा और सुबह जब घर से फोन आया तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है और मामले को जांच में ले लिया है।
घटना के बारे में पुलिस ने फिलहाल अभी कुछ नहीं कहा, जबकि गांव में चर्चा है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग का है। मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना की रात किसी का फ़ोन आने के बाद शिवम घर से निकला था। शिवम ने अपने परिजनों को फोन पर बताया था कि घर से निकलने के बाद गांव के दो से तीन लोगों ने डंडे-लाठी से उस पर हमला कर दिया था। उस पर कुल्हाड़ी से भी वार किया गया था।
युवक पर हमला करने वालों ने तब तक वार करना जारी रखा, जब तक उन्हें यकीन नहीं हो गया कि वह मर गया है। बाद में युवक को मरा हुआ समझकर सिद्ध बाबा के पास फेंक दिया, जहां वो रातभर तड़पता रहा।
शिवम की हत्या के बाद रविवार करीब 12 बजे गांव में उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक युवक के पिता ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या की गई है।
वही, वारदात के बाद पुलिस गांव के कई संदेहियों से पूछताछ कर रही है, और मामले की जाँच में जुटी है।

