गड्ढों की मनाई सालगिरह, 10 वर्षो से सड़क की नहीं कराई गई मरम्मत, केक काटकर जताया विरोध

DR. SUMIT SENDRAM

भोपाल। राजधानी के ऐशबाग इलाके की जर्जर सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।
रहवासियों ने आठ फीट चौड़े और 12 फीट लंबे गहरे गड्ढे पर बैठकर केक काटा और गड्ढों के दस साल पूरे होने का जश्न मनाया।
इस दौरान आतिशबाजी और ढोल-नगाड़े बजाकर नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बीते दस वर्षो से सड़क खराब हालत में है। लेकिन, जिम्मेदार विभागों ने ध्यान नहीं दिया। बारिश के मौसम में हालात और बिगड़ गए हैं। पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। जबकि, इस क्षेत्र में करीब डेढ़ लाख आबादी रहती है और रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। ऐशबाग थाना और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम भी इसी इलाके में होने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने कहा कि भोपाल की सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं। कहीं गड्ढे हैं, तो कहीं जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या। जनता रोज गिरते-पड़ते सफर करने को मजबूर है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं होना भारी भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
प्रदर्शन के दौरान अनस उर रहमान, दीपक दीवान, मो. फहीम, तारिक अली, अमित खत्री, विजेंद्र शुक्ला, मुकेश पंथी, फहीम बख्श, अमजद लाला, दर्शन कोरी, सैफ अनस, शमशेर खान, अनीस शर्मा और मोहन रूड़ेले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

 

Next Post

सिद्धपुरी गांव नहीं थी सड़क, मजबूरन गर्भवती को दो किमी तक चारपाई से ले गए परिजन

जबलपुर। जिले के चरगवां के पास ग्राम पंचायत छपरा से जुड़े सिद्धपुरी गांव की हकीकत आज भी देश के विकास के दावों पर सवाल उठाती है। सड़क जैसी बुनियादी सुविधा न होने के कारण यहां के लोगों का जीवन आज भी जोखिम भरा है। इसकी सबसे ताजा तस्वीर हाल ही […]