भोपाल। लोकसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच नेताओं के बीच सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर धीरे धीरे तेज होता जा रहा है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं राहुल गांधी सहित कई नेता मोदी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं कि यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है।
पूर्व मुख्यमंत्री व विदिशा सीट से भाजपा प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेताओं को जमकर घेरा। भोपाल स्थित अपने आवास पर मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए शिवराज ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता बार-बार यह रट लगा रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है, संविधान खतरे में है। लेकिन हकीकत यह है कि लोकतंत्र खतरे में नहीं है, संविधान भी सुरक्षित हाथों में है। वास्तव में खतरे में अगर कोई है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस गर्त में जा रही है।
शिवराज ने विपक्षी नेताओं को जेल भेजने के आरोप पर कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाई और कहा कि ये बार-बार बात कहते हैं कि जेल भेज रहे हैं। लेकिन कांग्रेस को जवाब देना पड़ेगा। उस वक्त मेरी उम्र थी 17 साल। मैं 11वीं में पढ़ता था, मुझे जेल भेजा गया था इमरजेंसी के समय। स्वर्गीय इंदिरा जी तब प्रधानमंत्री थीं। तब संविधान को तार-तार किसने किया था? लोकतंत्र का गला किसने घोंटा था? केवल नेताओं को नहीं, मासूम बच्चों तक को जेल में भेजा था। शिवराज ने आगे कहा कि आज एक बात साफ है। पहले यह धारणा रही होगी कि कोई भी अपराध या भ्रष्टाचार कर ले उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होगी। यह धारणा जनता की बन गई थी, लेकिन यह भारतीय जनता पार्टी का शासन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। अगर कोई गलत काम करेगा तो जेल जाएगा। कांग्रेस ने तो निरपराधों को जेल भेजा था।
कांग्रेस की हालत तो खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे जैसी हो गई है। राहुल गांधी अजीबोगरीब बयान दे रहे हैं कि बीजेपी अगर जीती तो देश में आग लग जाएगी। क्या कांग्रेस देश में आग लगाना चाहती है? क्या सोनिया गांधी राहुल के इस बयान से सहमत हैं? जमीन पर कुछ बचा नहीं है और इसलिए ऐसे ऊल-जलूल बयान दे रहे हैं। दरअसल, इन्होंने हर अच्छे काम का विरोध किया है। कहते थे कि कश्मीर में धारा 370 हटेगी तो आग लग जाएगी, लेकिन पत्ता भी नहीं हिला।
भाजपा अपने रिपोर्ट कार्ड के आधार पर चुनाव में जा रही है। कांग्रेस से तो कभी अपना रिपोर्ट कार्ड बताया नहीं। बीजेपी ने पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 वर्ष में जिस ढंग से वैभवशाली, गौरवशाली भारत का निर्माण किया है और विकसित भारत की आगे की कार्ययोजना को लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं और यह हम नहीं जानता कह रही है- अबकी बार, 400 पार।
भाजपा धड़ाधड़ विपक्षी दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को अपने दल में शामिल कर रही है। दावा किया जा रहा है कि शनिवार को कांग्रेस के एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होंगे। इस पर शिवराज ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का आंदोलन है, देश को बनाने का जनता के कल्याण का। जो कोई भी देश की सेवा करना चाहता है और वह भाजपा में आना चाहता है तो पार्टी उनका स्वागत करती है। कांग्रेस के पास कोई आधार नहीं है।


