काले हिरण का शिकार करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मांस, खाल एवं सागौन की लकड़ी जब्त

DR. SUMIT SENDRAM

सागर। जिले के राहतगढ़ के जंगल में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है।
गुरुवार देर रात वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से काले हिरण का मांस, खाल, सागौन की लकड़ी और 22 बोर की राइफल समेत कारतूस जब्त किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक वन विभाग को सूचना मिली थी कि बेरखेड़ी बीट के टेहरा-टेहरी में दो कारों में सवार कुछ लोग घुसे हैं।
जिसके बाद वन विभाग की टीम ने जंगल के रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। जवान झाड़ियों में छिपकर संदिग्ध वाहनों के लौटने का इंतजार करते रहे।
रात करीब 3 बजे जैसे ही दोनों कारें जंगल से बाहर आई, टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर काले हिरण का करीब 10 किलो मांस, खाल, सागौन की लकड़ी, 22 बोर की राइफल, 15 जिंदा कारतूस और 3 खाली खोखे मिले हैं। टीम ने मौके पर ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान वसीम खान (निवासी मंडी बामौरा), ओमकार आदिवासी (टेहरा-टेहरी) एवं राजू आदिवासी (सेमरामेढ़ा) के रूप में हुई।
राहतगढ़ वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ठाकुर ने बताया कि जब्त किया गया मांस मादा काले हिरण का है। आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

Next Post

हाई स्कूल के प्राचार्य के पास 4.36 करोड़ रुपये की मिली संपत्ति, ईओडब्लू कर रही जाँच

सीधी। शुक्रवार तड़के रीवा की ईओडब्ल्यू टीम ने शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य अभिमन्यु सिंह के आवास में छापामारी कार्रवाई को अंजाम दिया। 6 सदस्यीय ईओडब्लू टीम ने सुबह 5 बजे अभिमन्यु सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई पटेल पुल स्थित आवास और मड़वास में बने […]