सीधी। शुक्रवार तड़के रीवा की ईओडब्ल्यू टीम ने शासकीय हाई स्कूल के प्राचार्य अभिमन्यु सिंह के आवास में छापामारी कार्रवाई को अंजाम दिया।
6 सदस्यीय ईओडब्लू टीम ने सुबह 5 बजे अभिमन्यु सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई पटेल पुल स्थित आवास और मड़वास में बने दो अन्य घरों में की गई।
कुसमी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल खोखरा के प्राचार्य अभिमन्यु सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने सरकारी कार्यकाल में आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की प्रारंभिक जांच के मुताबिक वर्ष 1998 से फरवरी 2025 तक उनकी वैध आय के अनुसार कुल संपत्ति 57.28 लाख रुपये होनी थी, जबकि जांच टीम को 4.36 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति मिली है।
इस बडे अंतर के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि अभिमन्यु सिंह के घर में ईओडब्लू की कार्रवाई जारी है, इस दौरान कई दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और प्रॉपर्टी रिकॉर्ड जब्त किए जा रहे हैं।
ईओडब्लू टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई दो महीने पहले रीवा ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह रेड मारी गई है।
हरीश त्रिपाठी ने आगे बताया कि अभी तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं। जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्रवाई पूरी होने तक टीमें सभी ठिकानों पर तैनात रहेंगी।
इस पूरी कार्रवाई में सीधी पुलिस लाइन के पुलिसकर्मी सहयोग कर रहे हैं। ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से आवश्यक सहायता मांगी थी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहा है।


