भिंड। ग्वालियर-इटावा नेशनल हाइवे 719 पर स्थित पेट्रोल पंप संचालक को बिना हेलमेट के बाइक सवार को पेट्रोल नहीं देना संचालक को महंगा पड़ गया।
बाइक सवार युवकों ने पंप पर बंदूक और कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसी दौरान एक गोली पंप संचालक के दाएं हाथ में लग गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर दो आरोपियों की पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। घटना शनिवार सुबह करीब पांच बजे की है।
जानकारी के मुताबिक 62 वर्षीय तेजनारायण पिता गोरेलाल नरवरिया निवासी पुर थाना देहात का बरोही क्षेत्र में हाइवे पर सावित्री पेट्रोल पंप है। शनिवार सुबह करीब चार बजे एक युवक बाइक से पंप पर पहुंचा और सेल्समैन ने पेट्रोल डालने के लिए कहा। सेल्समैन ने युवक से कहा कि हेलमेट नहीं है। इसलिए पेट्रोल नहीं डलेगी। भिंड कलेक्टर ने बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर रोक लगाई है। इस पर युवक भड़क गया और सेल्समैन को धमकाते हुए बोला कि पेट्रोल नहीं डाली तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद युवक वहां से चला गया।
जिसके बाद 50 मिनट बाद युवक दो अन्य साथियों के साथ 4.50 बजे पंप पर पहुंचा। इसमें एक युवक 315 बोर की बंदूक और एक युवक 315 बोर का कट्टे लिए था। युवकों ने आते ही सेल्समैन को गालियां देना शुरू कर दी और बोला के बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दी तो अब गोली खा। इसके बाद दो युवकों ने बंदूक और कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली चलते ही कर्मचारी मौके से भाग गया।
इसी दौरान पंप के ऑफिस में लेटे संचालक तेजनारायण नरवरिया बाहर आए और युवकों से फायरिंग बंद करने के लिए कहा। इसी दौरान एक गोली संचालक तेजनारायण दाएं हाथ में लग गई तो वह जमीन पर गिर गए। इस दौरान गोली पंप के ऑफिस में लगे शटर सहित अन्य जगह लगी हैं। इसके बाद युवक हथियार लहराते हुए बाइक लेकर भाग गए। पेट्रोल पम्प स्टाफ ने संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो लोग बंदूक और कट्टे से फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान बिजपुरी निवासी भोलू भदौरिया और कुलदीप भदौरिया के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी पकडे जाएंगे।


