शहडोल। जिला मुख्यालय में बस ने ट्रैफिक ड्यूटी कर रहे पुलिस कॉन्स्टेबल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे बस स्टैंड पर हुआ।
ड्राइवर को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि, बस को जब्त कर थाने लाया गया है।
बता दे कि कॉन्स्टेबल महेश पाठक कोतवाली में पदस्थ थे। रविवार को उनकी ड्यूटी बस स्टैंड पर लगी थी। दोपहर में वे पक्षीराज ट्रैवल्स की बस को साइड में लगवा रहे थे। इसी दौरान ब्यौहारी से शहडोल की ओर आ रही दादू एंड सन्स कंपनी की बस नंबर एमपी 18 पी 0455 ने महेश को सामने से टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक कॉन्स्टेबल महेश पाठक (47) रीवा में सिरमौर तहसील के सथनी गांव के रहने वाले थे। 2013 में पुलिस में भर्ती हुए थे। परिवार में पत्नी, 25 व 20 वर्षीय दो बच्चे हैं।
सीएसपी राघवेंद्र द्विवेदी और यातायात प्रभारी संजय जायसवाल ने पक्षीराज ट्रैवल्स की बस में बैठकर हादसे का रिक्रिएशन करवाया।
पुलिस इस जांच में जुटी है कि यह सिर्फ एक हादसा है या फिर जानबूझकर रौंदकर की गई हत्या।
रिक्रिएशन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


