नकली आयकर अधिकारी पुलिस की गिरफ्त में, ग्रामीणो को फर्जी पेनकार्ड देकर करता था ठगी

सिवनी। जिले की बंडोल पुलिस ने एक शातिर आरोपी को धरदबोचा है। गिरफ्तार आरोपी कान्हीवाड़ा थाना के कामता गांव का रहने वाला निवेश कुमार पिता खूबचंद सुपले (26) है जो स्वयं को ग्रामीणो के सामने आयकर अधिकारी बताता था।
वह गांव के लोगों को फर्जी पैनकार्ड देकर रुपये की ठगी कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 फर्जी पैनकार्ड, एक बाइक, लैपटॉप और प्रिंटर जब्त किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बंडोल थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया कि 13 अक्टूबर को छिंदग्वार गांव निवासी संतकुमार सनोडिया, कुंजबिहारी सनोडिया ने थाने में लिखित आवेदन दिया था कि गांव छिंदग्वार में एक व्यक्ति आकर स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को फर्जी पैनकार्ड देकर रुपये वसूल रहा है। वह 13 अक्टूबर को भी गांव में आकर फर्जी पैनकार्ड दे रहा है। जिसके पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर संदेही निवेश सुपले को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं के घर कामता में फर्जी पैनकार्ड तैयार करता है। इसके बाद प्रिंटर मशीन से प्रिंट कर लैमिनेशन कर फर्जी पैनकार्ड को असली की तरह बनाता है। इसके बाद इन्हें गांव के लोगों को देकर रुपये की ठगी करता है।
थाना प्रभारी ने बताया है कि एक पैनकार्ड के एवज में आरोपित दो सौ रुपये गांव के लोगों से वसूल करता था। इसकी जांच की जा रही है कि अब तक कितने लागों को उसने फर्जी पैनकार्ड देकर ठगी का शिकार बनाया है।
थाना प्रभारी ने आगे बताया कि आरोपी ऐसे गांव के लोगों को अपना शिकार बनाता है, जिस गांव के लोग सीधे-साधे और कम पढ़े लिखे हों। इसी कारण उसने छिंदग्वार गांव में अपना ठिकाना बनाया था।

 

Next Post

बहन पर बुरी नजर डालने वाले से दोस्ती करके उतारा मौत के घाट

जबलपुर। जिले के कटंंगी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के पीछे उसके गांव का एक अन्य युवक था, जिसने हत्या के लिए दोस्ती करके धोखे से युवक को मौत के घाट उतार दिया और आठ दिन तक खोजबीन का नाटक करता रहा। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल […]