देर रात एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, बुझाने के बाद सुबह मिले दो कंकाल

DR. SUMIT SENDRAM

धार। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में इंडोरामा सेक्टर-3 स्थित शिवम इंडस्ट्रीज कंपनी में बुधवार देर रात लगी भीषण आग के बाद गुरुवार सुबह बड़ा खुलासा हुआ है।
आग पूरी तरह बुझने के बाद जब फैक्ट्री परिसर में जांच की गई, तो आयल टैंकर के अंदर दो कंकाल मिले।
प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि ये फैक्ट्री के ही कर्मचारी थे, जो आग की लपटों में फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।
बुधवार देर रात लगी आग ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कंपनी परिसर में मौजूद केमिकल टैंकर में आग भड़क उठी, जो कुछ ही समय में फैल गई।
सूचना मिलते ही पीथमपुर पुलिस, नगर पालिका टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए छह दमकलें लगातार प्रयासरत रहीं और फोम व टैंकरों की मदद से देर रात तक आग बुझाने का कार्य जारी रहा।
मौके पर नगर पालिका सीएमओ निशिकांत शुक्ला, थाना प्रभारी सुनील शर्मा सहित तीनों थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।
आग के दौरान सुरक्षा कारणों से आसपास के मार्गों को पूर्णतः बंद कर दिया गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की।
गुरुवार सुबह जब आग पूरी तरह नियंत्रण में आई, तो दमकल विभाग और पुलिस ने टैंकर की जांच की, जहां से दो कंकाल बरामद किए गए।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कर्मचारियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

 

Next Post

नर्मदांचल विद्यापीठ महाकोशल बरगांव में हुई मां सरस्वती की प्राण प्रतिष्ठा, नवीन विद्यालय भवन में हुआ वास्तु पूजन

शहपुरा (डिंडोरी)। नर्मदांचल विद्यापीठ जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल बरगांव के नवीन विद्यालय भवन में विद्या की देवी मां सरस्वती की विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंत्र उपचार के साथ नवीन भवन का वास्तु पूजन गायत्री परिवार के द्वारा किया गया। साथ ही कन्याओं का पूजन यजमानों के द्वारा […]