ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के भल्ला गार्डन स्थित होम सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट में रहने वाले माँ बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव मंगलवार की सुबह 11 बजे फ्लैट के बेडरूम में मिले। बेडरूम का समान फैला हुआ है। प्रथम दृष्टिया पुलिस गला घोंटकर या फिर तकिये से मुँह दबाकर हत्या की आशंका जता रही है।
जानकारी के मुताबिक 72 वर्षीय इंदुपुरी और उनकी 57 वर्षीय बेटी रीना भल्ला गार्डन स्थित होम्स सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 322 में रहती थीं। मंगलवार को घर में काम करने वाली मेड वहां पहुंची। दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचते ही जो दृश्य सामने था उसे देखकर उसकी चीख निकल गई। मां का शव बेड पर और बेटी का शव जमीन पर पड़ा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो एक दो युवक सीढ़ियों से उतरते नजर आ रहा है। पुलिस अन्य स्पॉट पर भी सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस ने बताया कि सोसाइटी के बाहर मृतक महिलाओं की ग्रोसरी शॉप है। रविवार शाम 4 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंच गई थीं। इसके बाद हत्या करने वाले अंदर पहुंचे। घटनास्थल देखकर ऐसा लगता है कि हमलावरों ने सबसे पहले रीना पर हमला किया। बचने के लिए रीना ने संघर्ष किया। इस दौरान वह बेड से नीचे गिरी और माथे पर चोट लगी। यहां बदमाशों ने गला दबाकर या तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद बेड पर बुजुर्ग इंदुपुरी की हत्या की गई। हत्या के बाद बदमाशों ने घर में रखे गहनों और अन्य सामान को खंगाला है।
बताया गया कि रीना सोसाइटी के बाहर ग्रोसरी शॉप चलाती हैं। यहां वह शाम को 4 से 5 बजे तक रहती हैं और फिर घर पर समय देती हैं। ग्रोसरी शॉप पर तीन से चार लड़के काम करते हैं, जो टाउनशिप और आसपास की मल्टी में होम डिलीवरी देते हैं।
मंगलवार सुबह जब उनके घर की मेड काम के लिए पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। वह घर से भी ग्रोसरी की होम डिलीवरी देती थीं। इसलिए अकसर दरवाजा खुला रहता था। जब मेड अंदर पहुंची तो दृश्य दिल दहला देने वाला था। घर में बेडरूम में सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस व फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव मौके पर पहुंचे।
पहले मामला खुदकुशी का लग रहा था, लेकिन जब फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की तो मामला हत्या का पता चला। दोनों महिलाओं की मौत दम घुटने से हुई है। महिलाएं उम्रदराज थीं लेकिन वो जितना संघर्ष कर सकती थीं उससे ज्यादा किया है।
पुलिस के मुताबिक बेडरूम में बिखरे पड़े सामान को देखकर लगता है कि मां-बेटी ने हत्यारों से संघर्ष किया था। उनकी मौत सांस रुकने की वजह से हुई है। ये हत्या और लूट की घटना होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने उनके ब्लॉक के सीसीटीवी के फुटेज खंगाले तो दो युवक सीढ़ियों उतरते हुए नजर आए। जिसके बाद दो संदिग्ध युवक भी पुलिस के टारगेट पर आ गए हैं।
पुलिस जानना चाह रही है कि युवक कौन हैं। वे इमारत के रहने वाले हैं या फिर वारदात में कोई और शामिल है।
पुलिस ने बताया कि रीना भल्ला का हंसता-खेलता परिवार था। किसी चीज की कोई कमी नहीं थी। गार्डन होम्स के फेज दो में डेली नीड्स के नाम से इनकी शॉप है। इस दुकान में यह व्यस्त रहती थीं। सोसाइटी के ज्यादातर लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान इनकी दुकान से ही खरीदते थे।
इंदुपुरी की दो बेटियां हैं। एक बेटी रीना भल्ला और दूसरी डोली, जो पास ही रहती है। घटना का पता चलते वह मौके पर पहुंच गई थी। रीना की एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह दिल्ली में रहती है। रीना कुछ समय अपनी बेटी पास दिल्ली रहने के बाद ग्वालियर लौटी थीं।

