डिंडोरी। विगत शनिवार को अमरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलेगांव में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त होने पर थाना समनापुर व अमरपुर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुँचकर जांच प्रारंभ की गई।
मृतका सावित्री बाई परस्ते (55) का शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला, जिसके पास एक लोहे की बरछी भी पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा तथा एसडीओपी (बजाग) विवेक गौतम के मार्गदर्शन में एफएसएल टीम बालाघाट द्वारा घटना स्थल निरीक्षण एवं वीडियोग्राफी की गई।
विवेचना के दौरान मृतिका की पुत्री एवं अन्य ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त कर आरोपी दद्दू उर्फ राधे (24) निवासी ग्राम जलेगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने आपसी रंजिश एवं मृतका पर जादू-टोना करने के संदेह के चलते धारदार हथियार से हत्या करना स्वीकार किया।
गौरतलब है कि पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 332(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस सफल अन्वेषण एवं शीघ्र गिरफ्तारी मे समनापुर थाना प्रभारी (निरी) हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक पारस यादव, अमरपुर चौकी प्रभारी (सउनि) अतुल हरदाहा, सहा. उपनिरीक्षक रामरतन झारिया, प्रधानआरक्षक गंगा यादव, एवं आरक्षक अजीत धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही, जिनकी प्रशंसा पुलिस अधीक्षक डिंडोरी द्वारा की गई।


