जवाहर नवोदय विद्यालय में दीनदयाल स्पर्श योजना के तहत फिलाटेली परीक्षा का भव्य आयोजन

DR. SUMIT SENDRAM

वारासिवनी(बालाघाट)। भारत सरकार के डाक विभाग की महत्वाकांक्षी दीनदयाल स्पर्श योजना के अंतर्गत वारासिवनी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में राष्ट्रीय फिलाटेली परीक्षा का शानदार आयोजन किया गया।
इस ज्ञानवर्धक परीक्षा में 103 मेधावी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
परीक्षा प्रभारी मो. अयाज़ अंसारी ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य नवोदय के विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह (फिलाटेली) के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सृजनात्मक रुचि विकसित करना है। साथ ही, भारतीय डाक टिकटों के ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक धरोहर और शैक्षणिक उपयोगिता से नई पीढ़ी को रूबरू कराना भी है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्कृष्ट मार्गदर्शन रहा। इनमें वायएल धनेंद्र (अधीक्षक, डाक संभाग, बालाघाट), जितेंद्र कुमार टेंभरे (उप संभागीय निरीक्षक, बालाघाट पश्चिमी) तथा दुरेंद्र बनोटे (उप डाकपाल, वारासिवनी मुख्य डाकघर) एवं उनकी परीषद का अतुलनीय सहयोग सराहनीय रहा।
परीक्षा का संपूर्ण संचालन दुरेंद्र बनोटे द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रणवीर सिंह ने इस पहल को “शैक्षणिक नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण” बताते हुए डाक विभाग की सराहना की।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं।
इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ फिलाटेलिस्ट अशोक चौबे ने भी जिलेभर के विद्यार्थियों को फिलाटेली की बारीकियों से अवगत कराया और उनका मार्गदर्शन किया।
गौरतलब है कि डाक विभाग प्रतिवर्ष यह परीक्षा आयोजित कर नवयुवाओं में डाक टिकट संग्रह के प्रति जागरूकता का अलख जगा रहा है।
बता दे कि योजना मे परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को प्रतिमाह 500 रूपये की दर से वार्षिक 6000 रुपए की आकर्षक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
यह राशि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को गति प्रदान करती है।
चयनित विद्यार्थियों को 500 शब्दों में एक प्रोजेक्ट तैयार करना होता है, जिससे उनकी लेखन एवं शोध क्षमता का विकास होता है।
इस योजना मे कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थी इसके लिए पात्र हैं।
दीनदयाल स्पर्श योजना न केवल विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि जगा रही है, बल्कि उन्हें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक घटनाओं और वैज्ञानिक उपलब्धियों से भी अवगत करा रही है।
यह एक सार्थक पहल है जो युवा मस्तिष्क को शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्र सेवा के संस्कार भी दे रही है।

 

Next Post

इतवारी बाजार की दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस-फायर ब्रिगेड की तत्परता से बाल-बाल बचे लोग

छिंदवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार (बुधवारी बाजार) स्थित एंजेल आर्ट नामक दुकान में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग दुकान के सबसे ऊपरी मंजिल पर लगी थी, जहाँ टीन शेड लगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली […]