जबलपुर। शहर के शासकीय महाकोशल अग्रणी महाविद्यालय को पीएम एक्सीलेंस में शामिल होने के बाद फंड रिलीज कर दिया गया है।
पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में दो करोड़ से पुस्तके एवं कम्प्यूटर खरीदे जाएंगे। इसके अलावा पुरुष और महिला छात्रावास के लिए 3.47 करोड़ की अतिरिक्त फंडिंग की गई है। इस तरह से कुल 8 करोड़ रुपये अलग-अलग क्षेत्रों में खर्च किए जाएंगे।
प्रदेश के चुनिंदा महाविद्यालयों में उच्च स्तरीय शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की योजना में शामिल किए गए महाकौशल कॉलेज में अब कला व वाणिज्य के अलवा भी अन्य संकाय के छात्रों को पढ़ाई का मौका मिल सकेगा। जबलपुर के साथ ही संभाग के सभी सातों महाविद्यालयों के लिए राशि जारी कर दी गई है। आने वाले दिनों में इन महाविद्यालयों में शिक्षण सुविधाओं के विस्तार करने के बाद सभी स्ट्रीम की पढ़ाई कराई जाएगी।
पीएम कॉलेज आफ एक्सीलेंस में छात्र-छात्राओं के लिए स्मार्ट क्लास, स्पोर्ट्स फैसिलिटी विकसित की जाएंगी।
जानकारों का कहना है कि इसके अलावा व्यावसायिक शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, योग, संगीत सहित विभिन्न विषयों को शुरू किया जाएगा। मुख्य फोकस छात्रों को शिक्षा के साथ रोजगार से जोड़ने का होगा। इसके लिए ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएंगे और प्रशिक्षण दिया जाएगा।


