जबलपुर को रेल विभाग देने जा रहा कई सौगात – सांसद आशीष दुबे

जबलपुर। जबलपुर संसदीय क्षेत्र को रेल विभाग की ओर से बहुत सी सौगात मिलने जा रही है। केन्‍द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे को एक पत्र में इस आशय की जानकारी दी है।
पत्र में केन्‍द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने इस बात का उल्‍लेख किया है कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल विभाग से संबंधित विकास और सुविधाओं में वृद्धि के लिये लोकसभा में जो मुद्दे उठाये थे, उसी तारतम्‍य में रेल विभाग जबलपुर को कई नई सौगात प्रदान कर रहा है।
जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्री ने जबलपुर संसदीय क्षेत्र के लिये रेल विभाग से संबंधित कई विकास कार्यों की स्‍वीकृति दिये जाने की सूचना उन्‍हें एक पत्र के माध्‍यम से दी है।
बताया गया है कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र की महत्‍वपूर्ण जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज परियोजना के दोहरीकरण का कार्य और भेड़ाघाट-भिटौनी के बीच तीसरी लाईन के सर्वेक्षण का कार्य प्रगति पर है। जबलपुर से दमोह के बीच नई रेलवे लाईन की जांच के लिये भी संबंधित निदेशालय को निर्देश प्रदान कर दिये गए हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने जबलपुर सांसद आशीष दुबे को बताया कि मध्‍यप्रदेश में आधारभूत ढांचे और सुरक्षा कार्यों के लिये आज से 10 साल पहले औसत वार्षिक बजट आवंटन औसतन 1171 करोड़ रूपये प्रतिवर्ष था, जो अब 13.6 गुना बढ़कर 15940 करोड़ रूपये हो गया है जिसका भरपूर फायदा जबलपुर संसदीय क्षेत्र को भी मिलेगा।
सांसद आशीष दुबे ने बताया कि अमृत भारत स्‍टेशन योजना के तहत मध्‍यप्रदेश के जिन 80 रेलवे स्‍टेशनों को विकसित किया जाना है, उसमें 2 स्‍टेशन जबलपुर संसदीय क्षेत्र के भी शामिल किये गये हैं। सिहोरा रोड स्‍टेशन पर विकास कार्य तीव्र गति से चल रहा है और जबलपुर के मुख्‍य स्‍टेशन के लिये डी.पी.आर. तैयार की जा रही है।
सांसद आशीष दुबे को रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने यह जानकारी भी दी है कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 400 करोड़ रूपये से अधिक की लागत वाले रेलवे के 15 रोड ओव्‍हर ब्रिज और रोड अंडर ब्रिज का कार्य प्रगति पर है।
जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने आशा जताई है कि जल्‍द ही जबलपुर से अन्‍य नगरों के लिये आवश्‍यक कुछ नई ट्रेनों की सौगात भी जबलपुर को मिल सकती है। उन्‍होंने कहा कि देश के यशस्‍वी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व और केन्‍द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव के मार्गदर्शन में रेल विभाग सफलता की नई कहानी लिख रहा है, जिसका भरपूर फायदा जबलपुर संसदीय क्षेत्र को भी मिलेगा।

 

Next Post

कान्हा नेशनल पार्क के वन परिक्षेत्र मुक्की में मादा बाघ की मौत, जाँच में जुटा वन विभाग

मंडला। मंगलवार को कान्हा नेशनल पार्क के वनपरिक्षेत्र मुक्की अंतर्गत परसाटोला बीट में दो वर्षीय वन्यजीव मादा बाघ के मौत का मामला प्रकाश मे आया। सूचना मिलते ही एनटीसीए नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक भोपाल से जारी दिशा निर्देश अनुरूप त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल को सुरक्षित […]