भोपाल। बैरसिया नगर पालिका में लेखापाल सचिन कठाने को लोकायुक्त भोपाल की टीम ने 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ धरदबोचा है।
आरोपी के खिलाफ एक ठेकेदार ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
फरियादी का कहना था कि आरोपी लेखापाल उसका अटका पेमेंट क्लीयर कराने के ऐवज में 50000 रुपये रिश्वत मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। लोकायुक्त टीम द्वारा आवेदक को रंग लगे नोट देकर भेजा गया और जैसे ही लेखापाल ने रिश्वत की रकम हाथों में ली, उसे दबोच लिया गया।
जानकारी के मुताबिक विगत 5 अप्रैल को सुनील कुमार पिता मदन लाल ने राजधानी के लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें सुनील ने बताया कि वह एक सरकारी ठेकेदार है और उसे मई 2023 में नगर पालिका बैरसिया द्वारा स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में दुकान निर्माण का ठेका मिला था। निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उसे करीब पांच लाख का भुगतान किया जाना था। इसके लिए नगर पालिका बैरसिया के लेखापाल सचिन कठाने द्वारा 10 प्रतिशत के हिसाब से 50 हजार रूपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आरोपी को पकड़ने के लिए उप पुलिस अधीक्षक अनिल बाजपेयी की नेतृत्व में टीम गठित की गई। मंगलवार को फरियादी ने जैसे ही लेखापाल सुनील कुमार के पास पहुंचकर उसके हाथ में रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये रखे, लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया। लोकसेवा केंद्र परिसर में यह कार्रवाई की गई। आरोपी लेखापाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच की कार्रवाई की जा रही है।

