देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बारियापुरा में तीन दिन पहले घर में ही युवक की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
युवक की हत्या उसके 11 वर्षीय बेटे ने ही धारदार हथियार से हमला करके की थी।
प्रारंभिक स्थिति में पुलिस द्वारा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
मामले में मर्ग कायम करके पुलिस ने जांच शुरू की थी, जांच पूरी होने के बाद सोमवार रात को आरोपी नाबालिग पुत्र पर मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम बारियापुरा निवासी 45 वर्षीय महेश अखाड़े का शव शुक्रवार रात को संदिग्ध अवस्था में घर से ही मिला था। शरीर पर धारदार हथियार के निशान थे, जिससे प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका थी।
जिस दौरान वारदात हुई थी उस दौरान मृतक महेश के पिता मृत्युभोज के कार्यक्रम में गांव में गए हुए थे। वहीं, घर पर महेश की पत्नी और कुछ रिश्तेदार रुके हुए थे।
जांच शुरू करते हुए पुलिस ने सभी के बयान लिए इसके बाद बेटे द्वारा धारदार हथियार से हमला करने और उसी से मौत होना पाया गया।
उदयनगर थाना प्रभारी दर्शना मुजाल्दा ने बताया पारिवारिक विवाद में बच्चे द्वारा हमला करना सामने आया है और पूछताछ की जा रही है।


