सागर। कटनी-बीना रेलखंड पर जरूवाखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात को ठाकुर बाबा रेलवे गेट नंबर 11 पर कपलिंग टूटने से कोयले से भरी मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। इससे रूट पर करीब चार घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा।
इस दौरान कटनी-बीना मेमू ट्रेन को जरूवाखेड़ा स्टेशन पर घंटों खड़ा कर दिया गया। देर रात गुस्साएं यात्रियों ने स्टेशन मास्टर के पास पहुंचकर हंगामा कर दिया। साथ ही रेलवे गेट बंद होने से नेशनल हाईवे पर भी दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कटनी से बीना जाने वाली मेमू ट्रेन बुधवार रात करीब 9.40 बजे जरूवाखेड़ा रेलवे स्टेशन पर पहुंची, लेकिन मालगाड़ी की कपलिंग टूटने की वजह से मेमू ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया। जब तीन घंटे तक ट्रेन को नहीं चलाया गया, तो ट्रेन में बैठे यात्री बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर के पास पहुंच गए और हंगामा कर दिया। स्टेशन मास्टर ने भी तत्काल स्थानीय पुलिस को मौके पर बुला लिया।
यात्रियों का कहना था कि तीन घंटे से ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे थे लेकिन ट्रेन जब नहीं चली। इसके बाद रात करीब 1:05 बजे मेमू ट्रेन को धीमी गति से जरूवाखेड़ा रेलवे स्टेशन से आगे की ओर रवाना किया गया। लेकिन गेट नंबर 11 पर ट्रेन को फिर से करीब 40 मिनट तक खड़ा कर दिया गया।


