मध्यप्रदेश की मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, लाड़ली बहनाें को 450 रुपये में म‍िलेगा गैस स‍िलेंडर

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला किया गया है।
राज्‍य में अब लाड़ली बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया गया है। इसके ऊपर जो भी राशि लगेगी उसकी भरपाई राज्य सरकार करेगी। इसी तरह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। इसमें निधन होने पर दो लाख रुपये और स्थाई दिव्यांगता पर एक लाख रुपये का बीमा मिलेगा।
कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जो सड़कें अधूरी रह गई हैं, उन्हें अब राज्य सरकार द्वारा बनाया जाएगा। इसके लिए 56 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।
प्रदेश के 22 जिलों (आलीराजपुर, आगर मालवा, रीवा, अनूपपुर, ग्वालियर, अशोक नगर, भिंड, कटनी, उमरिया, बैतूल, भोपाल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, मुरैना, सतना, शहडोल, निवाड़ी, सिंगरौली, उज्जैन एवं सागर) के एलोपैथी चिकित्सालय में चिकित्सा के सभी विकल्प उपलब्ध कराने के लिए आयुष विंग की स्थापना की जाएगी।
इसके संचालन के लिए 213 पदों की स्वीकृति दी गई। साथ ही छिंदवाड़ा जिले में पदस्थ सहा. उप निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा की सेवा के दौरान अपने दायित्व का निर्माण करते हुए मृत्यु हो जाने पर 90 लाख रुपये की विशेष अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया गया। इसमें से 45 लाख रुपये पत्नी और 45 लाख रुपये माता-पिता को दिए जाएंगे। पूर्व में 10 लाख रुपए परिजन को दिए जा चुके हैं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बताया कि अगला रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव ग्वालियर में 28 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकतानुसार कार्य किया जाए। परंपरागत उद्योग और व्यापार- व्यवसाय में लगे लोगों को भी अपनी गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री परिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित करते हुए यह बात कही।

 

Next Post

पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेने पर 4 वर्ष की सजा, कोर्ट ने सुनाया फरमान

रतलाम। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायालय ने रिश्वत लेने के मामले में रतलाम के पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी अभियुक्त रामेश्वर चौहान को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दो हजार रुपये के अर्थदंड से भी दण्डित किया […]