भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्म हवाओं के कारण तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन के साथ रातों में भी गर्मी बढ़ रही है।
उज्जैन कलेक्टर ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। अब नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे।
इधर, मंगलवार को छिंदवाड़ा जिले में दिन भर तेज धूप रही। दोपहर में मौसम बदल गया। छिंदवाड़ा के ग्रामीण अंचल सिंगोड़ी, जुन्नारदेव में करीब आधे घंटे तेज बारिश हुई। जिससे सड़कों पर पानी बह निकला।
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
वही, सबसे गर्म सागर रहा, यहां पारा 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खंडवा-धार में 26.4 डिग्री, खरगोन में 25.4 डिग्री, रतलाम में 25 डिग्री, गुना में 24.9 डिग्री, नर्मदापुरम में 24.2 डिग्री, इंदौर व दमोह में 23.2 डिग्री, सतना में 23.1 डिग्री, रीवा में 23 डिग्री तापमान रहा।
जबकि, भोपाल में 22.4 डिग्री, उज्जैन में 21.2 डिग्री, ग्वालियर में 21.4 एवं जबलपुर में 20.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से तेज गर्मी का असर बना रहेगा। मंगलवार को श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, गुना, नीमच, मंदसौर और रतलाम में लू का अलर्ट है। 9 और 10 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में भी हीट वेव चलने की संभावना है। 11 अप्रैल को प्रदेश के कई शहरों में हल्की बारिश हो सकती है।


