इंदौर। सिंहस्थ-2028 को लेकर तैयारी प्रारम्भ हो चुकी है।
इंदौर जिले में होने वाले विकास कार्यों को लेकर विभिन्न विभागों ने प्रस्ताव तैयार किए है।
इन प्रस्तावों की समीक्षा कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा की गई।
मप्र औद्योगिक विकास निगम द्वारा इंदौर-उज्जैन सड़क को सिक्स लेन बनाने का प्रस्ताव बनाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन आसान हो सके। इसके अतिरिक्त जिले के पर्यटन स्थलों को भी संवारा जाएगा।
इंदौर जिले में सिंहस्थ-2028 से पहले कई विकास कार्य किए जाना हैं।
प्रशासनिक संकुल में कलेक्टर आशीष सिंह ने सिंहस्थ-2028 के लिए विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावों की समीक्षा की। मुख्य रूप से मंदिरों एवं स्मारकों के नवीनीकरण, शिप्रा शुद्धीकरण, मेला क्षेत्र विकास, सड़कें और पुल-पुलियाओं का नवनिर्माण, सड़क चौड़ीकरण, नदी व जल निकायों का विकास, पीने के पानी की व्यवस्था, पावर स्टेशन और विद्युत लाइन, स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी विकास, सुंदरीकरण, फायर स्टेशन आदि के संबंध में विभागों द्वारा तैयार प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
इंदौर विकास प्राधिकरण, इंदौर नगर निगम, पुलिस विभाग, मप्र औद्योगिक विकास निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।
बैठक में निगमायुक्त हर्षिका सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, आइडीए सीईओ आरपी अहिरवार, अपर कलेक्टर रोशन राय और निशा डामोर सहित विकास कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

