इंदौर। विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ सके पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अब क्रिकेट की सियासत में अपनी नई पारी आगाज किया है।
इंदौर संभागीय क्रिकेट संगठन (आईडीसीए) के चुनाव में आकाश को नया अध्यक्ष चुना गया है।
इस कुर्सी पर अब तक आकाश के पिता और मप्र के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय काबिज थे। जिमखाना मैदान पर शनिवार शाम आईडीसीए की चुनावी एजीएम संपन्न हुई।
कैलाश विजयवर्गीय वर्ष 2008-09 से आईडीसीए के अध्यक्ष हैं। बीते कई चुनावों से वे क्रिकेट की सियासत से दूर होने की बात कहते रहे हैं, लेकिन सदस्यों द्वारा अध्यक्ष पद पर उनका मनोनयन किया जाता रहा।
बैठक के दौरान सदस्यों ने कैलाश विजयवर्गीय से संगठन के मैदान की मांग रखी। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इसके लिए कैबिनेट से मंजूरी लेनी होगी।
तकनीकी दिक्कत यह होगी कि आईडीसीए अध्यक्ष के रूप में मैं नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र लिखूंगा, जो कि मैं खुद हूं। याचिका भी मेरी होगी और अनुमति भी मैं ही दूंगा। ऐसे में मेरा सुझाव है कि किसी अन्य को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाए। ऐसे में आकाश विजयवर्गीय को अध्यक्ष बनाने की सहमति बनी। कैलाश विजयवर्गीय मुख्य संरक्षक रहेंगे।
गौरतलब हैं कि आकाश के क्रिकेट की सियासत में आने की चर्चा लंबे समय से थी। मगर तब वे इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के विधायक थे। इस बार पिता को टिकट मिलने के बाद उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला था। वैसे नेता पुत्रों का क्रिकेट की सियासत में आना नया नहीं है।
आकाश से पहले भी कई नेता पुत्र क्रिकेट की सियासत में कदम रख चुके हैं।
वर्तमान में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महानआर्यमन सिंधिया ग्वालियर संभागीय क्रिकेट संगठन के उपाध्यक्ष हैं। स्वयं ज्योतिरादित्य सिंधिया चंबल संभागीय क्रिकेट संगठन के अध्यक्ष हैं।

