डिंडौरी। जिले के समनापुर विकासखंड के सरई हायर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण समिति के सफल क्रियान्वयन हेतु एचआईवी/एड्स सघन जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान डीटीओ डॉ. मनोज उरैती एवं बीएमओ सीएचसी डॉ. पीएस कुशराम के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
अभियान के दौरान काउंसलर बबीता मरावी ने 160 छात्र-छात्राओं को एचआईवी/एड्स के विषय में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि एचआईवी होने के मुख्य चार कारण होते हैं और इससे बचाव के उपाय सरलता से संभव हैं।
बच्चों को यह भी समझाया गया कि एचआईवी साथ खाना खाने, मच्छर के काटने या सामान्य छूने से नहीं फैलता। इस तरह की भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस दौरान यौन जनित रोगों जैसे हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही टोल फ्री नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई, जिस पर 24 घंटे किसी भी सवाल का समाधान मिल सकता है।
बच्चों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से बातचीत भी की गई और उन्हें सही जानकारी प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।


