नरसिंहपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। मुराछ और धमना गांव के बीच निर्माणाधीन पुलिया पर से एक पिकअप वाहन अचानक गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। हालांकि, पिकअप वाहन को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक मुराछ और धमना गांव को जोड़ने वाली पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। क्षेत्रीय लोग कई बार इस पुलिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग कलेक्टर से कर चुके हैं, लेकिन कार्य अब तक पूरा नहीं हुआ। इसी अधूरी पुलिया से गुजरते समय एक पिकअप वाहन असंतुलित होकर नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि ड्राइवर सही सलामत निकल आया।
वहीं, क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतज़ाम नहीं हैं और रात के समय हादसे की संभावना और अधिक रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने की मांग दोहराई है ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।


