जबलपुर। वनवासी विकास परिषद महानगर जबलपुर द्वारा शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के शुभ अवसर पर आज बिरसा मुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्टेट जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर गणेश सिंह कंवर उपस्थित रहे।
गणेश सिंह कंवर ने भगवान बिरसा मुंडा का स्मरण करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे, जिन्होंने झारखंड, बिहार, उड़ीसा के युवाओं को एकत्र कर अंग्रेजों के दांत खट्टे करने का काम किया। बिरसा मुंडा ने जनजाति समाज को उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा धर्म हमारा है, हमारी संस्कृति हमारी है और हमारा देश हमारा है।
इस दौरान मुख्य वक्ता देवश्री मोदी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को एकजुट किया और उन्हें अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ‘अबुआ दिशुम अबुआ राज’ हमारा देश हमारा राज जो जनजाति समाज के लिए एक प्रेरणा मंत्र बन गया।
कार्यक्रम का संचालन और प्रस्तावना महानगर महिला समिति सचिव पूजा रजक ने रखा।
पूजा रजक ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में जब विभाजनकारी विचारधारा के लोग भारत के संदर्भ में जनजाति समुदाय को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। ऐसे समय में भगवान बिरसा मुंडा की गाथाएं स्वबोध, आत्मविश्वास और एकात्मता की दिशा में प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान वनवासी विकास परिषद के प्रांत संगठन मंत्री किशोरी लाल यादव, बसंत चेलानी, रमेश केवट सुषमा केवट, वंदना आनंद, सोमेश गुप्ता, सुशील श्रीवास्तव सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


