डिंडोरी। दिनांक 06/08/2025 को चौकी अमरपुर में प्रार्थी केशू मरकाम पिता पहल सिंह मरकाम, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम बांका टोला रामगढ़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह दिनांक 05/08/2025 को रात्रि लगभग 11:00 बजे कचनारी से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर लौट रहा था। रास्ते में ग्राम अमरपुर पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात व्यक्ति एक अन्य मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए रामगढ़ तक पहुंचे, जहां आरोपियों ने ओवरटेक कर उसका रास्ता रोका और अवैध रूप से पैसों की मांग की।
पैसे न देने पर आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि सुमित यादव नामक युवक ने चाकू दिखाकर धमकाया।
जिसके बाद अमरपुर पुलिस चौकी में अपराध क्रमांक 293/2025, धारा 296, 126(1), 119(1), 115(2), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी सुमित यादव पिता मुकेश यादव, निवासी ग्राम अमरपुर, पुष्पेन्द्र कुमार पिता ठाकुर सिंह करचाम, निवासी बिजौरी एवं धनेश कुमार पिता गोविंद वनवासी, निवासी अमरपुर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी सुमित यादव से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा पुष्पेन्द्र कुमार करचाम से घटना के समय उपयोग में लाई गई मोटरसाइकिल (एमपी-52-एमडी-7724) जब्त की गई।
अमरपुर पुलिस को आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया।
अमरपुर चौकी प्रभारी अतुल हरदहा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में सहा. उपनिरीक्षक रामरतन झारिया, प्रधान आरक्षक राघवेन्द्र सिंह, गंगाप्रसाद यादव एवं आरक्षक 59 अजीत कुमार धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।


