जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, साइन कर बोले- ‘यह मत कह देना कि पार्टी ज्वाइन कर ली है’

इंदौर। शहर में शुक्रवार शाम राजनीति में चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे एवं जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा गांधी भवन में बैठकर कांग्रेस नेताओं के साथ चाय-नाश्ता करते नजर आए।
बता दे कि भाजपा नेता पौधारोपण के महाअभियान में शामिल होने का निमंत्रण देने कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। मंत्री और भाजपा नेताओं से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगंतुक रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाए तो विजयवर्गीय ने व्यंग्यात्मक लहजे मे कहा कि यह मत कह देना कि मैंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली।
गौरतलब है कि केबिनेट मंत्री विजयवर्गीय इंदौर में 51 लाख पौधे रोपने के महाअभियान की कमान संभाल रहे हैं।
उन्होंने इस महाअभियान में कांग्रेस नेताओं से सहयोग मांगते हुए पौधारोपण में भाग लेने का निमंत्रण दिया। वे शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा को फोन पर सूचना देने के बाद कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे।
कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा पहली बार एक साथ शहर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे तो उनकी अगवानी के लिए कांग्रेस का कुनबा भी गांधी भवन के नीचे दरवाजे पर खड़ा नजर आया। ऊपर कांग्रेस कार्यालय में दाखिल होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने गुलदस्ता देकर भाजपा नेताओं का स्वागत किया।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव व मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा कि पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा बनाने के इस अभियान में उन्हें भी भाग लेना चाहिए।
रेवती पहाड़ी पर पांच हजार पौधों का एक ब्लाक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए आरक्षित रखा जाएगा। इसका नाम गांधी वन रखा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने भी शामिल होने की सहर्ष सहमति दे दी, साथ ही कहा कि पवित्र भाव से आयोजन हो रहा है तो हम साथ हैं।
गांधी भवन पहुंचे भाजपा नेताओं की कांग्रेसी नेता भी दिल से खातिरदारी की। भाजपा नेताओं को गुलाब जामुन, समोसे परोसे गए। कैलाश विजयवर्गीय ने सिर्फ बिना शक़्कर की चाय पी और शहर अध्यक्ष चड्ढा को अपने हाथ से गुलाब जामुन खिला दिया। अन्य भाजपा नेता चाव से नाश्ता करते नजर आए।
इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं 40-45 साल बाद गांधी भवन आया हूं। उन्होंने शहर अध्यक्ष से गांधी भवन की जानकारी ली। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा ने कहा कि भवन ट्रस्ट की संपत्ति है और कांग्रेस किराएदार है। जिसपर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बड़ा कार्यालय भवन बनाना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि जमीन मिल जाए तो बना लेंगे। इस पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जमीन की कीमत देनी होगी।

 

Next Post

सर्वोच्च न्यायालय की विशेष लोक अदालत में होगी मध्य प्रदेश के 218 लंबित प्रकरणों की सुनवाई, सरकार पूरी तैयारी के साथ रखेगी अपना पक्ष

भोपाल। मध्य प्रदेश के अलग-अलग विभागों के 218 प्रकरण उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट में) लंबित हैं। अब इस प्रकरणों के निराकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट विशेष लोक अदालत का आयोजन करने जा रहा है। 29 जुलाई से तीन अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मध्य प्रदेश […]