मंडला। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मध्यप्रदेश की 6 सीटों पर 19 अप्रैल यानी आगामी कल मतदान होगा।
इन सीटों पर मतदान को लेकर चुनाव आयोग ने सुरक्षा सहित सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली है।
गुरुवार को मतदान अधिकारी और कर्मचारी चुनाव सामग्री लेकर पोलिंग बूथों पर रवाना हो गए हैं।
मंडला में मतदान सामग्री लेने पहुंचे सहायक प्राध्यापक मनीराम कांवरे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है।
चुनाव आयोग के द्वारा मृतक शिक्षक के परिवार को 15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के किसी एक परिजन को नौकरी दी जाएगी।
वही, मंडला में ही एक अन्य मतदान कर्मी राजेन्द्र कुमार साहू (61) की भी तबीयत बिगड़ गई। जिसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। राजेंद्र कुमार पीएचई विभाग मंडला में कार्यरत हैं, वह हार्ट पेशेंट हैं।


