ग्वालियर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए चल रही शारीरिक परीक्षा में तीन दिनों में 42 जालसाज अभ्यर्थी पकड़े जा चुके हैं।
सेना के अधिकारियों ने दस्तावेज परीक्षण में 42 जालसाज अभ्यर्थियों को पकड़ा। इनमें से किसी ने आधार कार्ड, मार्कशीट में अपनी जन्मतिथि बदली तो किसी ने पता ही बदल डाला। यह खुलासा दस्तावेजों की जांच में हुआ। इसके बाद इनके दस्तावेज जब्त कर इन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। इन्हें सेना द्वारा ब्लैकलिस्ट भी कर दिया गया है, जिससे आगामी किसी भर्ती में यह फर्जीवाड़ा कर शामिल न हो सकें।
बता दे कि सागर के इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान पर छह जनवरी से अग्निवीर भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा चल रही है।
छह, सात और आठ जनवरी को शारीरिक परीक्षा में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों को दस्तावेज परीक्षण के लिए भेजा गया। दस्तावेज परीक्षण एक दिन बाद हो पाता है। गुरुवार तक 42 ऐसे अभ्यर्थियों को पुलिस ने पकड़ा, जिन्होंने दस्तावेज में फर्जीवाड़ा किया। कुछ ने तो दस्तावेज ही फर्जी तैयार कराए। इन्हीं के आधार पर भर्ती में शामिल हो गए।
शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आधे अभ्यर्थी किसी न किसी वजह से अनफिट हो गए। आधे ही मेडिकल पूरा होने के बाद फिट पाए गए। इन्हें आगामी प्रक्रिया के लिए भेजा गया।
पहले दिन शारीरिक परीक्षा 336 ने उत्तीर्ण की, फिट 156 पाए गए। जबकि दूसरे दिन 298 ने परीक्षा उत्तीर्ण की और 173 फिट पाए गए, तीसरे दिन 317 ने परीक्षा उत्तीर्ण की, इसमें से 180 फिट पाए गए।
सेना भर्ती कार्यालय के डायरेक्टर कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि शारीरिक परीक्षा में 42 जालसाज अभ्यर्थी पकड़े गए हैं। यह दस्तावेजों में हेराफेरी कर शारीरिक परीक्षा में शामिल हुए। इन्हें ब्लैकलिस्ट किया गया है। भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।

