जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं अधारताल पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई में एक कबाड़खाने में दबिश देते हुए एक हजार किलो से अधिक के एल्यूमीनियम विद्युत तार जब्त किए है।
पुलिस ने महाकौशल नगर स्थित सद्दाम हुसैन के कबाड़खाने पर दबिश दी थी।
बताया जा रहा है कि सद्दाम हुसैन लंबे समये से दूसरे जिलों से तार लाकर कबाड़खाने में इकट्ठा कर रहा था।
पुलिस ने अभी तक सद्दाम हुसैन के भाई गुलाम हुसैन को गिरफ्तार करते हुए कबाड़खाने से 1154 किलो एल्यूमीनियम बिजली के तार बरामद कर पूछताछ प्रारम्भ कर दी है।
कबाड़ खाने का मालिक मौके से फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
अति. पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि क्राईम ब्रांच को आज सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि महाकौशल नगर स्थित सद्दाम हुसैन के कबाड़खाने में काफी मात्रा में विद्युत एल्यूमीनियम तार के बंडल रखे हुये है, जो सम्भवतः बिजली के खम्बों से काटकर चोरी किये गये हैं। सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं थाना अधारताल की संयुक्त टीम द्वारा महाकौशल नगर स्थित सद्दाम हुसैन के कबाड़ खाने में दबिश दी गयी, जहाँ सद्दाम हुसैन अपने भाई गुलाम हुसैन के साथ था। पुलिस को देखते ही सद्दाम हुसैन फरार हो गया, पुलिस ने उसके छोटे भाई गुलाम हुसैन को गिरफ्तार कर कबाडखाने में एल्यूमीनियम विद्युत वायर के 19 बंडल एवं 15 बोरियों में एल्यूमीनियम जब्त किया है।


