इंदौर। शहर के सरवटे बस स्टैंड पर मंगलवार दोपहर अचानक लावारिस बैग में बम होने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची बम स्क्वाड टीम ने पहले यात्रियों और कर्मचारियों को परिसर से दूर किया। इसके बाद बम खोजकर उसे एंटी बम टैंक में रखकर रवाना हो गए।
दरअसल, बम स्क्वाड टीम और स्टैंड प्रभारी द्वारा स्टैंड परिसर में माक ड्रिल की गई।
इस दौरान यहां मौजूद ड्राइवर और कंडक्टरों को इस तरह लावारिस बैग मिलने पर सावधानी बरतने और गाइडलाइन की जानकारी दी।
स्टैंड प्रभारी राहुल श्रुति ने बताया कि यह माक ड्रिल यात्रियों, बसों के ड्राइवर और कंडक्टरों के लिए थी। इसमें मौके पर मौजूद 30 से अधिक ड्राइवर-कंडक्टर और सैकड़ों यात्रियों को बम निरोधक दस्ता दल ने बताया कि स्टैंड परिसर में इस तरह लावारिस बैग मिलने पर तत्काल स्टैंड प्रबंंधक या प्रभारी को सूचना दें। अगर चलती बस में लावारिस बैग मिलता है, ताे तत्काल पास के पुलिस थाने से संपर्क करें। किसी भी हाल में बैग को हाथ न लगाएं।
बम की सूचना मिलते ही स्टैंड पर अफरा-तफरी का महौल हो गया।
स्टैंड प्रभारी द्वारा लावारिस बैग के आस-पास से यात्रियों को दूर किया और बैग के चारों ओर रेत से भरी बोरियों काे कवर कर दिया गया। तब तक बम निरोधक दस्ता पहुंचा और सबसे पहले जैमर लगाया गया, ताकि मोबाइल फोन से बम कनेक्ट न हो। इसके बाद अलग-अलग उपकरण से बैग की जांच की। आखिरी में टीम बम को एंंटी बम टैंक में रखकर रवाना हो गई।

