ग्वालियर। शहर में एक बार फिर एटीएम में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी कार सवार बदमाश आनंद नगर में एसबीआई के एटीएम पर पहुंचे। यहां लगे कैमरों पर ब्लैक स्प्रै करने के बाद एटीएम काटा और फिर उसमें रखा कैश निकालकर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात के अनुसार रात करीब 3 बजे बदमाश एटीएम में पहुंचे थे। ये मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए थे। सबसे पहले उन्होंने काले रंग का स्प्रे वहां लगे सीसीटीवी कैमरों पर किया। इसके बाद एटीएम को काटकर उसमें रखा कैश निकाल लिया और फरार हो गए।
एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधियां देखकर एक स्थानीय रहवासी ने डायल 100 पर सूचना दी थी। इस पर डायल 100 और अन्य थानों का बल मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक बदमाश वहां से भाग चुके थे।
पुलिस की जांच में पता चला है कि गुरुवार शाम को ही बैंक के कर्मचारियों ने एटीएम में कैश भरा था।
बता दे कि इसके पूर्व भी ग्वालियर के डबरा में बदमाश एटीएम उखाड़ ले गए थे, जिसमे लगभग नौ लाख रुपए थे।
अति. पुलिस अधीक्षक अखिलेश रैनवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में सफेद कार और उसमें सवार बदमाश नजर आए हैं। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

