इंदौर। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में इंदौर में सोमवार सुबह से वोटिंग प्रारम्भ हुई।
सुबह से ही लोगों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डालना शुरू कर दिया है।
हर मामले में अव्वल रहने वाले इंदौरियों में मतदान के प्रति भी उतना ही जज्बा है।
सोमवार से विभिन्न मतदान केंद्रों पर वोट डालने वालों में कुछ ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने अपनी समस्याओं को दरकिनार करके मतदान करने का फैसला किया। यहीं नहीं, इंदौरी होने और अपने मताधिकार को जीवित रखने के लिए मतदाता अमेरिका तक से आए। वहीं, कोई व्हीलचेयर पर मतदान करने आया था, तो कोई सेवानिवृत्त मित्रों के साथ समूह बनाकर मतदान करने पहुंचा। यह सभी स्वस्थ लोकतंत्र के वो उदाहरण हैं, जो अन्य लोगों को प्रेरित करते हैं कि वे भी देश के सबसे बड़े उत्सव का हिस्सा बनें।
कसेरा बाजार स्कूल आदर्श मतदान केंद्र क्रमांक 57 पर सुबह नीना जैन वोट डालने पहुंची। उन्होंने बताया कि वह अमेरिका से सिर्फ मतदान करने के लिए आई हैं। उनका कहना है कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हमारा एक-एक मतदान मायने रखता है। ऐसे में हमें अपने वोट के अधिकार को अवश्य निभाना चाहिए। मतदान करना हमारा कर्तव्य, दायित्व और जिम्मेदारी है। इससे भागना नहीं है बल्कि उत्साह के साथ निभाना है।
सुबह से वोट डालने वालों में युवा, पुरुष एवं महिलाएं सभी शामिल हैं। इसमें कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनके हौसले का कोई जवाब नहीं। 86 वर्षीय रमेश चंद्र व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे। रमेश चंद्र का कहना है कि वह अपनी दिव्यांगता को अपनी जिम्मेदारी के बीच नहीं आने देते। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों बाद हमें यह अधिकार मिलता है, इसे यूं ही नहीं गंवाना चाहिए।
विजय नगर स्थित स्कीम नंबर 54 में ज्ञान चबूतरा से जुड़े सेवानिवृत्त अधिकारी, चिकित्सक और वरिष्ठ नागरिक का समूह ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समूह के सभी सदस्यों ने एक साथ केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया और उद्यान में एकत्र होकर समूह फोटो लेकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त एडीजी मदन राने, पूर्व एसपी राजेश जायसवाल, पूर्व डीएसपी अशोक सोलंकी, पूर्व डिप्टी कमिश्नर एक्साइज नरेंद्र कुरील और डॉ. बीएस अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहें।
लोकसभा चुनाव में वोट डालने के लिए अमेरिका से अक्षय भदौरिया और पुणे से आकांक्षा भदौरिया ने इंदौर आकर वोट डाला।


